बड़ी खबर: सासामुसा चीनी मिल के दिन बहुरेंगे! भारत की दूसरी सबसे बड़ी गन्ना उत्पादक कंपनी ‘निरानी ग्रुप’ ने दिखाया इंटरेस्ट।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के गन्ना किसानों के लिए एक बड़ी उम्मीद की किरण जागी है। बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल, गन्ना उद्योग विभाग के आयुक्त जेपीएन सिंह और देश के दिग्गज कारोबारी व निरानी ग्रुप के चेयरमैन दुर्गेश निरानी ने आज हेलीकॉप्टर से गोपालगंज पहुंचकर बंद पड़ी सासामुसा चीनी मिल का गहन निरीक्षण किया। सीतामढ़ी की रीगा चीनी मिल को पुनर्जीवित करने की दिशा में कदम बढ़ाने के बाद, अब निरानी ग्रुप की नजरें सासामुसा मिल पर हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और ग्रुप के चेयरमैन ने मिल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और इसे दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा की। निरानी ग्रुप भारत की दूसरी सबसे बड़ी गन्ना उत्पादक कंपनी है। चेयरमैन दुर्गेश निरानी ने स्पष्ट किया कि मिल चालू होने पर सिर्फ चीनी उत्पादन नहीं, बल्कि बायो-प्रोडक्ट्स (Bio-products) पर भी ध्यान दिया जाएगा। एथेनॉल और अन्य उप-उत्पादों के जरिए किसानों को उनकी फसल का बेहतर दाम और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का विजन साझा किया गया। सासामुसा मिल लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे हजारों किसानों और मजदूरों का भविष्य अधर में था। सरकार की इस सक्रियता और इतने बड़े औद्योगिक समूह की दिलचस्पी ने इलाके में खुशी की लहर दौड़ दी है। अगर यह डील फाइनल होती है, तो गोपालगंज के गन्ना बेल्ट की अर्थव्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी।दुर्गेश निरानी, चेयरमैन (निरानी ग्रुप) ने कहा की हमारा लक्ष्य किसानों को गन्ना के अलावा अन्य बायो-प्रोडक्ट्स के जरिए अधिकतम मुनाफा दिलाना है।











