खबर का बड़ा असर: गणेशपुर में सोन नदी पर पुल निर्माण शुरू, 48 घंटे में प्रशासन हरकत में!
कटेया (गोपालगंज)।
कटेया प्रखंड के गणेशपुर में सोन नदी पर क्षतिग्रस्त पुल को लेकर उठी आवाज आखिरकार रंग लाई। बीते शनिवार को अखंड भारत न्यूज़ द्वारा इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद महज 48 घंटे के भीतर पुल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया।
गौरतलब है कि गणेशपुर स्थित सोन नदी पर बना पुल लंबे समय से जर्जर हालत में था, जिससे कई गांवों का संपर्क बाधित हो गया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया और निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
पुल निर्माण कार्य प्रारंभ होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि इस पुल के बनने से अगल-बगल के कई गांवों का संपर्क सुगम होगा, बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और किसानों को भी अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने मीडिया की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का ही परिणाम है कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान शुरू हो सका।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो, ताकि आने वाले समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।











