स्वतंत्रता सेनानी उमापति मिश्र के श्राद्ध में शामिल हुए बाहुबली विधायक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय
कटेया/गोपालगंज
प्रखंड के बेलौरा गांव निवासी स्वतंत्रता सेनानी एवं सेवानिवृत्त रेलवे पदाधिकारी उमापति मिश्र का गुरूवार की सुबह 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया. रविवार की दोपहर स्व. मिश्र के श्राद्ध के दिन कुचायकोट के बाहुबली विधायक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय बेलौरा गांव पहुंचे एवं स्व. मिश्र के तैलचित्र पर पुष्प चढ़ाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. विधायक पप्पू पाण्डेय ने स्व. मिश्र को अपना अभिभावक बताया एवं उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होने परिजनों के साथ हर परिस्थिति में खड़े होनें का हौसला दिया. बाहुबली विधायक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि परिसीमन की वजह से क्षेत्र छूटा है मेरे लोग नहीं. विधायक का अपने लोगों के प्रति समर्पण देख कर उपस्थित जनता भी भावुक हो उठी. विधानसभा के चलते सत्र में केवल श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए पटना से कटेया आने के इस कार्य की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है.
बता दें कि उमापति मिश्र के निधन की खबर से बेलौरा गांव सहित पूरे प्रखंड में शोक की लहर दौड़ गई थी. उमापति मिश्र क्षेत्रवासियों के लिए आजादी के संघर्षों की जीती जागती धरोहर थे. बेहद अल्पायु में उन्होनें भारत छोड़ो आन्दोलन में गांधी जी के साथ देश की आजादी की आवाज को बुलन्द किया था. आजादी के बाद रेलवे में अपनी सेवाएं दीं एवं जीवन पर्यन्त गांधीवाद का निर्वहन करते रहे. उमापति मिश्र के पुत्र एवं व्यवहार न्यायालय गोपालगंज के वरिष्ठ अधिवक्ता युधिष्ठिर मिश्र ने उनके निधन को परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि पिताजी ने गांधीवाद को हीं अपना जीवन बना लिया, सादगी और सहजता हीं उनकी पहचान थे. विधायक जी को पिताजी ने हमेशा अपने परिवार का सदस्य माना था उनके आने से हमें काफी हौसला मिला है. वहीं जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव रवि मिश्र ने सभापति मिश्र के निधन को समाज के लिए क्षति बताते हुए कहा कि उनके चले जाने से नयी पीढ़ी को आजादी के लिए किए गए संघर्षों और आजादी का महत्व बताने वाला अब कोई नहीं रहा. कटेया प्रखंड के तमाम जनप्रतिनिधियों के साथ साथ सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम लोग भी उमापति मिश्र को श्रद्धांजलि देने देर शाम तक पहुंचते रहे.











