गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वाहन चेकिंग के दौरान धरे गए दो शातिर चोर।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में अपराधियों और बाइक चोरों के खिलाफ पुलिस कप्तान (SP) के सख्त तेवर का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। एसपी के कड़े निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ दो अंतर्राज्यीय/शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ शहर की ओर आ रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल टीम गठित की और तुरकाहां पुल के पास नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। जांच के दौरान जब पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर दोनों को खदेड़कर दबोच लिया। जब उनसे बाइक के कागजात मांगे गए, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है। पुलिस अब पकड़े गए युवकों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे किस बड़े गिरोह से जुड़े हैं। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी और लूट की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान और भी तेज किया जाएगा।










