हाईवा ने छीनी जिंदगी: जीविका सीएम की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल
गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से जीविका में कार्यरत 50 वर्षीय सीएम (कम्युनिटी मोबिलाइजर) मुन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के दुहौना गांव निवासी नवाब मद्धेशिया की पत्नी मुन्नी देवी अपनी बहू निशा देवी के साथ बरवा से राशन लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के समीप कटेया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्नी देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में मैनेजर मद्धेशिया का 23 वर्षीय पुत्र कल्लू मद्धेशिया उर्फ अजय मद्धेशिया तथा विकास की पत्नी निशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां अजय मद्धेशिया की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अवधेश कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

इधर घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुहौना से लोढ़वलिया तक हाल ही में बनी सड़क में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं। सड़क निर्माण कंपनी एसएनपीसीएल द्वारा करीब दो महीने पहले बनाए गए इस मार्ग की हालत पहले ही जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण पूर्व में भी कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हाइवा और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है तथा पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन मिलने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक लापरवाही की भेंट मासूम जिंदगियां चढ़ती रहेंगी? क्या सड़क निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होगी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी? क्षेत्रवासियों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।












