कटेया थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की अहम बैठक
होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर कटेया थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न गांवों से आए गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।
बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्चना पांडे, रेवेन्यू ऑफिसर तारकेश्वर पांडे, सर्किल इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार तथा थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने पर विशेष बल दिया।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, खुले में मांस-मछली बिक्री पर रोक
बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के अवसर पर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही खुले में मांस और मछली की बिक्री भी प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि नकली मिठाइयों की बिक्री पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए आम लोगों में व्यावसायिक सह जन कल्याण समिति के अध्यक्ष अवध किशोर प्रसाद, आशुतोष जायसवाल, अनूप मिश्रा, दिनेश मिश्रा, अनवर अंसारी, नंदलाल मोर्य, विजय चौबे राजू वर्णवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और लगातार गश्ती की व्यवस्था रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनी रहे।
प्रशासन और जनता की संयुक्त पहल से इस बार होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने का संदेश दिया गया।












