सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत गांधी महाविद्यालय में मेगा कैंप का भव्य आयोजन
आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत एक मेगा कैंप का आयोजन गांधी महाविद्यालय, गोपालगंज के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, वाहन चालक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना रहा। दीप प्रज्वलन के पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम में लगाए गए विभिन्न विभागों के सभी स्टालों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारियाँ आम लोगों तक सरल एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाई जाएँ।
जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाना, ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना जैसे छोटे-छोटे कदम कई लोगों की जान बचा सकते हैं।
मेगा कैंप के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अनिल कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संदीप कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्री दिलीप कुमार एवं परिवहन पदाधिकारी, गोपालगंज की उपस्थिति रही। सभी अधिकारियों द्वारा स्टालों का निरीक्षण करते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल पर वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले दंड के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट, पोस्टर एवं अन्य जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया।
सभी पदाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण तेज गति, लापरवाही, यातायात नियमों की अनदेखी एवं जागरूकता की कमी है। यदि सभी लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिले में निरंतर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम, शिविर एवं अभियान चलाए जाएंगे, ताकि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति स्थायी जागरूकता उत्पन्न हो सके।












