महात्मा गाँधी की पुण्यतिथि पर गोपालगंज जिला प्रशासन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। समाहरणालय परिसर स्थित अतिथि गृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी (DM) श्री पवन कुमार सिन्हा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि मानवता के लिए एक जीवंत संदेश है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बापू के सत्य, अहिंसा और शांति के सिद्धांत आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात करके ही हम एक समरस और सशक्त समाज की नींव रख सकते हैं। इस मौके पर जिले के कई वरीय अधिकारियों ने बापू के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को याद किया। उपस्थित अधिकारियों ने बापू के बताए मार्ग पर चलने और उनके सिद्धांतों को प्रशासनिक कार्यशैली में उतारने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अधिकारीयों मे राजेश्वरी पाण्डेय, अपर समाहर्ता, अनिल कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी, संदीप कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, दिलीप कुमार एवं श्री अजय कुमार, वरीय उप समाहर्ता शामिल थे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी जी ने विश्व को दिखाया कि बिना शस्त्र उठाए भी सत्य की शक्ति से बड़े से बड़े साम्राज्य को झुकाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कर्मियों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।












