नाबालिग छात्रा के अपहरण का आरोप, मां ने थाने में दी तहरीर
गोपालगंज।
कटेया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की मां ने थाने में लिखित तहरीर देकर पड़ोसी युवक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम स्टूडवा निवासी महिला ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा 10 की छात्रा है, अचानक घर से लापता हो गई। आरोप है कि पड़ोसी युवक योगेंद्र कुमार द्वारा बहला-फुसलाकर उसकी बेटी को शादी के इरादे से घर से भगा ले जाया गया है। महिला का कहना है कि युवक पहले भी उसकी बेटी पर गलत नीयत से नजर रखता था और विरोध करने पर धमकियां देता था।
पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी के घर पर ताला लटका हुआ है और परिजन फरार हैं, जिससे आशंका और गहरा गई है। उन्होंने पुलिस से बेटी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कटेया थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












