महम्मदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लीटर देशी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार।
महम्मदपुर (गोपालगंज)।। शराबबंदी वाले बिहार में शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महम्मदपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम फतेहपुर में अवैध शराब का स्टॉक रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फतेहपुर निवासी विजयमल राय (पिता- सूरज राय) के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 15 लीटर देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ही विजयमल राय को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस धंधे में संलिप्त अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।












