गोपालगंज: सिधवलिया के गंगवा गांव में महिला की संदिग्ध मौत, मौके से डॉक्टर का पर्चा बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के गंगवा गांव में मंगलवार (20 जनवरी, 2026) को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सिधवलिया पुलिस को आज सुबह गंगवा गांव में एक महिला की मृत्यु होने की सूचना मिली, सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) और सिधवलिया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया गया, जिसने शव और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतिका के शव के पास से एक डॉक्टर का पर्चा बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया यह मामला जहर खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।गोपालगंज पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। मृतिका के परिजनों से आवेदन प्राप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में गांव में शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।












