युवाओं को राष्ट्रीय मंच से जुड़ने का सुनहरा अवसर, 20 सितंबर तक MY Bharat पोर्टल पर करें भागीदारी
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
नई दिल्ली। देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने और उनकी प्रतिभा, विचारों एवं नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का पहला और महत्वपूर्ण चरण VBYLD क्विज़ शुरू हो चुका है।
MY Bharat (मेरा युवा भारत) 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए राष्ट्रीय मंच है, जहां युवाओं को स्वयंसेवा, सीखने, मेंटरशिप, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के अवसर मिलते हैं।
20 सितंबर तक क्विज़ में भाग लेने का मौका
VBYLD 2027 का क्विज़ चरण 20 सितंबर तक MY Bharat पोर्टल पर खुला है। युवाओं से अपील की गई है कि वे बिना विलंब किए पोर्टल पर पंजीकरण कर VBYLD 2027 क्विज़ में भाग लें।
इस अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, ITI, अन्य शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों एवं युवा समूहों से भी अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और उन्हें क्विज़ में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।
प्रधानमंत्री के साथ संवाद का मिल सकता है अवसर
राष्ट्रीय युवा दिवस, 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला VBYLD देश के प्रमुख राष्ट्रीय युवा कार्यक्रमों में शामिल है। इसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से चयनित युवाओं को अपने विचार, नवाचार और सुझाव राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
विशेष रूप से चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद करने तथा विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर मिल सकता है।
ऐसे करें MY Bharat पर पंजीकरण
युवा www.mybharat.gov.in पर जाकर Register Now विकल्प के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। मोबाइल नंबर अथवा ई-मेल के जरिए OTP सत्यापन के बाद आवश्यक विवरण भरकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर को केवल एक क्विज़ न समझें, बल्कि इसे अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में पहला कदम मानें।
आज ही पंजीकरण करें, क्विज़ में भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।












