पुलिस को देख शराब फेंककर फरार हुआ तस्कर, 45 लीटर शराब बरामद
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन थाना क्षेत्र के अहीर-टोली के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस को देख एक शराब तस्कर शराब फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से करीब 45 लीटर शराब बरामद की है। फरार तस्कर की पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा अहीर-टोली के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति शराब लेकर वहां पहुंचा। सामने पुलिस को देखकर वह घबरा गया और शराब को सड़क किनारे फेंककर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल शराब को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब के संबंध में अज्ञात तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच-पड़ताल में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों में भी तस्कर की तलाश की जा रही है।












