महावीरी अखाड़ा मेले को लेकर मांझा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, अश्लील गानों व नर्तकी नचाने पर रहेगी पूर्ण पाबंदी
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । आगामी महावीरी अखाड़ा मेले को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मांझा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मांझा थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्यों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
बैठक में थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने सभी अखाड़ा समितियों से मेले के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि महावीरी अखाड़ा जुलूस एवं मेले के दौरान नर्तकी नचाने, अश्लील गाने बजाने तथा किसी भी प्रकार के अशोभनीय एवं उपद्रवपूर्ण कार्यक्रम पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
थाना प्रभारी ने कहा कि मेले का उद्देश्य आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक-सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है। ऐसे में सभी अखाड़ा समितियां प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि या माहौल बिगाड़ने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अखाड़ा समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया और महावीरी अखाड़ा मेले को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया।












