बुलेट बाइक की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप, थाने में शिकायत
शादी में पांच लाख रुपये समेत सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने का आरोप
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
कटेया/गोपालगंज। कटेया थाना क्षेत्र के साकिन गौरा बाजार की विवाहिता कविता देवी ने अपने पति व ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए मारपीट करने, प्रताड़ित करने और घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर विवाहिता ने कटेया थानाध्यक्ष को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, कविता देवी की शादी 9 दिसंबर 2023 को कृष्ण कुमार उर्फ कृष्णचंद्र प्रसाद के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के दौरान उसके मायके पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये नकद सहित सोफा सेट, स्टील के बर्तन और अन्य घरेलू सामान दिए गए थे।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना की जाने लगी। आवेदन में ससुर जगवेंद्र प्रसाद, सास रामकली देवी सहित अन्य ससुरालवालों पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
विवाहिता के अनुसार, 10 अगस्त 2024 को उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया और उसका सामान भी रख लिया गया। इसके बाद वह अपनी जान बचाकर मायके आ गई। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि 25 जुलाई 2026 को मायके पक्ष और पंचायत के लोगों की मौजूदगी में ससुराल पक्ष से बातचीत हुई, लेकिन कथित तौर पर यह कहा गया कि जब तक दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल नहीं दी जाएगी, तब तक विवाहिता को घर में नहीं रखा जाएगा।
विवाहिता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












