महावीरी अखाड़ा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे व ऑर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

महावीरी अखाड़ा को लेकर नौतन थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी महावीरी अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि महावीरी अखाड़ा के दौरान ऑर्केस्ट्रा एवं डीजे बजाने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। जुलूस में निर्धारित नियमों का पालन करना सभी समितियों एवं आयोजकों के लिए अनिवार्य होगा। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि, अश्लील गीत या भड़काऊ नारेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के साथ ही जुलूस में शामिल लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को शांतिपूर्ण आयोजन में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस ने कहा कि महावीरी अखाड़ा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सामाजिक चिंतक जेडी आलम, विभिन्न पूजा समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।












