भोरे में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 188 लीटर देसी शराब बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत भोरे थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 188 लीटर देसी शराब लदी एक कार को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम पाण्डेय खजुराहा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक कार को रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया। पुलिस वाहन को देखते ही कार में सवार तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली, जिसमें कुल 188 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब सहित कार को विधिवत जब्त कर लिया है।
मामले में वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है।
अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।












