मां की हत्या का साक्ष्य छुपाने के आरोप में नाबालिग गिरफ्तार, भेजा गया सुधार गृह
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन थाना क्षेत्र के सागरा गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने साक्ष्य छुपाने के आरोप में उसके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे सुधार गृह भेज दिया गया। मामला सागरा गांव निवासी सुनील साह की पत्नी रिंकू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ा है। रिंकू देवी की 15 नवंबर 2025 को मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष की ओर से मामले में संदेह जताते हुए नौतन थाने में लिखित आवेदन दिया गया था। गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव निवासी एवं मृतका के भाई श्याम बहादुर साह ने थाने में आवेदन देकर मामले में कई लोगों को आरोपित किया है। आवेदन में उन्होंने मृतका के नाबालिग पुत्र पर घटना से संबंधित साक्ष्य छुपाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू की। जांच के क्रम में नाबालिग की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि नाबालिग के विरुद्ध साक्ष्य छुपाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे सुधार गृह भेजने का आदेश दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े साक्ष्यों और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












