पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त, विशेष अभियान चलाकर हुई जांच
02 से 03 सितंबर तक चला विशेष जांच अभियान, निर्माण में खामियां मिलने पर एजेंसियों को सुधार के निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत निर्मित एवं निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच के लिए 02 से 03 सितंबर 2026 तक विशेष जांच अभियान चलाया गया।
विशेष अभियान के दौरान भवन निर्माण एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन तथा ग्राम पंचायतों द्वारा कराए जा रहे पंचायत सरकार भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार एवं संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों ने बैरागी टोला, फुलवरिया, थावे, कुचायकोट समेत विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों का जायजा लिया।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष नजर
जांच के दौरान अधिकारियों ने भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य तथा भवन की वर्तमान स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। बताया गया कि जिला पदाधिकारी को कुछ स्थानों पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद विशेष जांच अभियान चलाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पंचायत सरकार भवन जैसी महत्वपूर्ण योजना के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी निर्माण कार्य में कमियां पाई गईं, वहां संबंधित एजेंसियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन के अनुसार, मानक के अनुरूप कार्य नहीं करने वाली संबंधित एजेंसियों से स्पष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है।
ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर मिलेंगी सुविधाएं
पंचायत सरकार भवन सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुलभ, प्रभावी और पारदर्शी बनाना है। ऐसे में इन भवनों का मजबूत, टिकाऊ और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण बेहद जरूरी है।
जांच पूरी होने के बाद पंचायत सरकार भवनों की अद्यतन स्थिति विभागीय ऐप पर भी अपलोड की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।












