कूल्हे के ऑपरेशन के बाद 54 वर्षीय पूर्व BDC सदस्य की मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के कमला राय कॉलेज रोड स्थित स्टार एडवांस ऑर्थो एंड मैटरनिटी सेंटर में कूल्हे के ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई 54 वर्षीय महिला की इलाज के करीब तीन घंटे बाद मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
मृतका की पहचान सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव निवासी संजय गुप्ता की 54 वर्षीय पत्नी एवं पूर्व BDC सदस्य तारा देवी के रूप में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों की ओर से इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले में क्या पक्ष सामने आता है, इसका भी इंतजार है।
📍 स्थान: कमला राय कॉलेज रोड, गोपालगंज
🏥 अस्पताल: स्टार एडवांस ऑर्थो एंड मैटरनिटी सेंटर












