महिला एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस दीदी टीम सक्रिय, स्कूल-कॉलेज व सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्ती
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गोपालगंज पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस दीदी टीम की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा स्कूलों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। गश्ती के दौरान संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
टीम की पुलिसकर्मी छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ले रही हैं। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
गोपालगंज पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का संदेश
“महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सुरक्षित वातावरण बनाने में पुलिस के साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।”












