नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध देसी पिस्टल, दो मोबाइल और बाइक बरामद, दो विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। नगर थाना पुलिस ने अपराध की साजिश को अंजाम देने से पहले ही बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध देसी पिस्टल, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है, जबकि मौके से दो अन्य युवक फरार होने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रजा मोड़ स्थित टेंट दुकान के पास चार नवयुवकों के अवैध हथियार के साथ मोटरसाइकिल लेकर खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारी को जानकारी देते हुए पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखते ही चारों युवक भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
🔎 तलाशी में पिस्टल और मोबाइल बरामद
पकड़े गए दोनों की पहचान एवं पूछताछ के दौरान उन्हें विधि-विरुद्ध बालक पाया गया। वहीं, मौके से फरार युवकों के संबंध में पूछताछ करने पर पुलिस को उनकी पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
मोटरसाइकिल की विधिवत तलाशी के दौरान एक अवैध देसी पिस्टल बरामद की गई। इसके अलावा पकड़े गए दोनों विधि-विरुद्ध बालकों के पास से एक-एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पूछताछ में एक विधि-विरुद्ध बालक ने पुलिस को बताया कि पिस्टल उसके साथी के पास थी और वह उसे लेकर आया था। इसके बाद हथियार को मोटरसाइकिल की डिक्की में रखने की बात भी सामने आई।
⚖️ प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों विधि-विरुद्ध बालकों को विधि-सम्मत निरुद्ध कर लिया है। मामले में नगर थाना कांड संख्या 856/26, दिनांक 31.08.2026 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही बरामद अवैध हथियार की उपलब्धता एवं इसके पीछे जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस अन्य तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।












