172 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ चारपहिया वाहन जब्त, तस्कर गिरफ्तार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
सेमरिया-बंका मोड़ मार्ग पर बंका मोड़ चारमुहानी के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने अंग्रेजी शराब से लदी एक लग्जरी कार को जब्त करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त लग्जरी कार से पुलिस ने कुल 172 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया है। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम यूपी-बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक चारपहिया वाहन में अंग्रेजी शराब लादकर बंका मोड़ की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल बंका मोड़ चारमुहानी के समीप वाहन जांच शुरू कर दी। इसी क्रम में यूपी की ओर से आ रही एक फोर्ड फिगो कार को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार तस्कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर गिरफ्तार तस्कर को थाने लाया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी कुन्दन वर्णवाल के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।












