₹5 हजार का इनामी शराब तस्कर गिरफ्तार, कटेया पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
गोपालगंज। जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध शराब कांड में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी वांछित अभियुक्त धर्मेंद्र बैठा उर्फ धर्मेंद्र कुमार रजक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई कटेया थाना कांड संख्या 152/22, दिनांक 15 अप्रैल 2022, धारा 30(a), बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम-2018 के तहत की गई।
🚨 वाहन जांच के दौरान भागे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2022 को कटेया थाना क्षेत्र के बैसिया चार मुहानी के पास उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिलों से देशी शराब बरामद हुई थी।
मामले की जांच के दौरान फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी संलिप्तता के संबंध में साक्ष्य जुटाए गए। इसी कड़ी में लंबे समय से फरार चल रहे धर्मेंद्र बैठा उर्फ धर्मेंद्र कुमार रजक की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उसकी गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
🔎 तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्य से गिरफ्तारी
पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कटेया थाना में अवैध शराब कारोबार से जुड़े कई मामले पूर्व से दर्ज हैं और उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
धर्मेंद्र बैठा उर्फ धर्मेंद्र कुमार रजक, पिता– स्व. हरेंद्र बैठा, निवासी– खालगांव, थाना– कटेया, जिला– गोपालगंज।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव












