श्रीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 102.6 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.6 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक कार को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रबतरहा में गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच की जा रही थी। पुलिस की मौजूदगी देखकर एक कार में सवार दो व्यक्ति भागने लगे।
पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 102.6 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन साह, पिता दूधनाथ साह तथा पंकज कुमार, पिता हरिशंकर चौहान, दोनों निवासी धर्मपरसा बथुआ, थाना मांझागढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने शराब और कार को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
🔴 शराब तस्करों पर पुलिस की पैनी नजर
श्रीपुर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












