कटेया में हत्या कांड के आरोपियों के घर चस्पा हुआ इश्तेहार, पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर जिले में वांछित एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कटेया थाना कांड संख्या-243/26 में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से निर्गत इश्तेहार की विधिवत तामिला कराई।
पुलिस के अनुसार, उक्त कांड में हत्या से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। मामले के प्राथमिक अभियुक्त विनोद कुशवाहा, ब्रजेश कुशवाहा, बिना भगत, स्व. कोदई भगत सहित तीन महिला अभियुक्तों के घर पर माननीय न्यायालय से निर्गत इश्तेहार चस्पा किया गया।
पुलिस टीम ने स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपियों के घर पर इश्तेहार तामिला कराया। इस कार्रवाई के माध्यम से फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए स्पष्ट संदेश दिया गया है।
फरार अभियुक्तों पर लगातार कस रहा पुलिस का शिकंजा
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में वांछित एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले अभियुक्तों के विरुद्ध आगे कुर्की जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
गोपालगंज पुलिस का संदेश साफ है—कानून से बचकर भागना आसान नहीं, फरार अभियुक्तों तक पुलिस की कार्रवाई लगातार पहुंचेगी।












