गोपालगंज में नेपाल त्रासदी का खौफनाक असर! गंडक नदी में फिर बहकर पहुंचे मानव शव, दहशत में लोग
तेज धारा में इंसानी शवों के साथ तैर रहे जानवरों के शव, प्रशासन ने मछली पकड़ने पर लगाई रोक
गोपालगंज। नेपाल में आई त्रासदी का असर अब गंडक नदी में भी साफ दिखाई दे रहा है। नदी की तेज धारा में बहकर एक बार फिर दो मानव शव गोपालगंज की सीमा तक पहुंच गए हैं। यादोपुर-मंगलपुर महासेतु के समीप गंडक नदी में शवों के तैरते दिखाई देने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी की तेज धारा में मानव शवों के साथ कई जानवरों के शव भी लगातार बहते हुए नजर आ रहे हैं। नदी में इस भयावह दृश्य ने आसपास के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
मछली पकड़ने पर प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध
घटना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए गंडक नदी में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं, नदी की तेज धारा को देखते हुए नाव संचालन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया गया है। तेज बहाव के कारण नाव के पलटने की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
महासेतु के पास बढ़ी निगरानी
यादोपुर-मंगलपुर महासेतु के आसपास नदी में लगातार निगरानी रखी जा रही है। नदी में शवों के बहकर आने की सूचना से स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव












