चौकीदारों को मिला सुरक्षा का मंत्र, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना अध्यक्षों के नेतृत्व में चौकीदार परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क एवं सक्रिय रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान चौकीदारों को संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों एवं जेल से छूटे पेशेवर अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर मिलने वाली महत्वपूर्ण सूचनाओं को तत्काल पुलिस तक पहुंचाने तथा सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने शराब तस्करी एवं अवैध शराब निर्माण के खिलाफ प्रभावी रोक लगाने के लिए भी चौकीदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों में चौकीदारों की सक्रियता से अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
गोपालगंज पुलिस का उद्देश्य स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखना है। पुलिस ने चौकीदारों से पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।












