कटेया में चोरी का खुलासा: सोने-चांदी के आभूषण बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से चोरी कांड का हुआ पर्दाफाश।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज: कटेया थाना क्षेत्र के खुदी छापर गांव में घर से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही समय में उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने जैसे आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को खुदी छापर गांव में एक घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं, एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
मामले में कटेया थाना कांड संख्या-443/26 दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने अमित चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई।
आभूषणों को अलग-अलग जगहों पर लगाया ठिकाने
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को अलग-अलग लोगों के पास ले जाकर बेचने अथवा बंधक रखने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों के बीच पैसों का लेन-देन भी हुआ।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर कटेया बाजार स्थित अजय ठठेरा की दुकान से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए। बरामद सामान के संबंध में पुलिस द्वारा सत्यापन और आगे की जांच जारी है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अमित चौहान, अमित खरबार, अजय ठठेरा और रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
ये सामान हुआ बरामद
सोने जैसा झुमका — एक जोड़ा
सोने जैसा टीका — एक पीस
सोने जैसी नथिया — एक पीस
पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है और बरामद आभूषणों के संबंध में आवश्यक सत्यापन किया जा रहा है।












