गोपालगंज में ऑपरेशन लंगड़ा का बड़ा एक्शन: 50 हजार का इनामी अपराधी आकाश सिंह गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में लगी दो गोलियां
गोपालगंज। बिहार पुलिस के “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या, रंगदारी, फायरिंग समेत कई संगीन मामलों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी आकाश सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आकाश सिंह एक साइको क्रिमिनल के रूप में चिन्हित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए STF तथा जिला पुलिस लंबे समय से तलाश में जुटी थी। हाल के दिनों में उसने थावे के एक व्यवसायी से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके अलावा मीरगंज में दिनदहाड़े एक बाइक सवार को गोली मारने की घटना के बाद वह लगातार सुर्खियों में था।
बताया जाता है कि एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान आकाश सिंह ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों घुटनों में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अपराधी को इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी चिकित्सा चल रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आकाश सिंह के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और फायरिंग समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को गोपालगंज पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस का यह संदेश साफ है कि कानून को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












