श्रीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध विदेशी पिस्टल के साथ चार गिरफ्तार, चार मोबाइल और चारपहिया वाहन जब्त
गोपालगंज । जिले में अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन से अवैध विदेशी पिस्टल बरामद करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मौके से चार मोबाइल फोन और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को श्रीपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर कांटा चौराहा पर रात्रि गश्ती के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में साहेबगंज डेरवा की ओर से आ रही एक चारपहिया गाड़ी को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया और उसमें सवार चारों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
वाहन की तलाशी में मिली विदेशी पिस्टल
पुलिस ने वाहन की विधिवत तलाशी ली तो चालक की सीट के नीचे से एक विदेशी पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद वाहन में सवार चारों व्यक्तियों की बारी-बारी से तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से चार मोबाइल फोन भी मिले। अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ के दौरान अभियुक्तों द्वारा संतोषजनक जानकारी नहीं दिए जाने पर पुलिस ने हथियार, मोबाइल फोन और वाहन को जब्त कर लिया तथा चारों को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तर प्रदेश के तीन और गोपालगंज का एक आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राकेश कुमार, धनंजय कुमार और सचिन कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के डिबनी बंजरवा गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं, चौथे अभियुक्त छोटेलाल चौहान गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के खरौनी गांव के निवासी बताए गए हैं।
कांड दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में श्रीपुर थाना कांड संख्या 253/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अवैध हथियार की आपूर्ति के स्रोत और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों के विरुद्ध पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












