सोने की चेन लूटने के दौरान धारदार हथियार से वार, विजय की मौत; पिता के आवेदन पर प्राथमिकी
संवाददाता, कटेया।
कटेया थाना क्षेत्र के बगही प्लांट के समीप सोमवार को हुई विजय कुमार की मौत के मामले में मृतक के पिता के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आवेदन में सोने की चेन छीनने के दौरान धारदार हथियार से गला पर वार कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र विजय कुमार अपने पोते हर्ष यादव के साथ गांव बखरिया, थाना भोरे से विजय के ससुराल जाने के लिए बाइक से निकला था। इसी दौरान बगही प्लांट के पास दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। आरोप है कि चेन छीनने के दौरान युवकों ने तेज धारदार हथियार से विजय के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण विजय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि हर्ष यादव घायल हो गया। घायल हर्ष का इलाज भोरे रेफरल अस्पताल में कराया गया।
दिए गए आवेदन में दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों को आरोपित किया गया है। पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ किए जा रहे युवकों में एक की पहचान गोपालगंज थाना क्षेत्र के एड़ेरवा निवासी प्रेम तिवारी के पुत्र शुभम तिवारी तथा दूसरे की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के भोपतापुर गांव निवासी विजय कुमार चौबे के पुत्र रौनक कुमार चौबे के रूप में बताई जा रही है।
भाई के विदेश से आने का इंतजार, शव घर पर रखा
प्राप्त समाचार के अनुसार, सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद विजय का शव घर लाया गया। मंगलवार शाम तक शव को अंतिम संस्कार के लिए रखा गया था। बताया गया कि मृतक का एक भाई विदेश में रहता है। उसके घर पहुंचने के बाद ही विजय का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे लूट की मंशा थी या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।












