गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: समकालीन अभियान के तहत 46 अभियुक्त गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब और जुर्माना बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘समकालीन अभियान’ में गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 24 अप्रैल 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में संलिप्त कुल 46 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में 05 अभियुक्त हत्या के प्रयास के मामले में शामिल हैं। वहीं, शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करते हुए पुलिस ने शराब के साथ 05 लोगों को और शराब का सेवन करने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त, विविध कांडों में 03, ट्रायल वारंट में 17 और 170 BNSS के तहत 04 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कुल 34.86 लीटर शराब बरामद की है, जिसमें 33 लीटर देशी और 1.86 लीटर विदेशी शराब शामिल है। शराब के अलावा पुलिस ने अन्य बरामदगी में 1 मोटरसाइकिल, 1पिकअप वैन तथा 7 मवेशी जब्त किया है।
न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में पुलिस ने कुल 26 वारंटों का निष्पादन किया, जिसमें 15 जमानतीय और 11 अजमानतीय वारंट शामिल हैं। साथ ही, 23 इस्तेहार और 03 कुर्की की कार्रवाई भी पूरी की गई। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 1,22,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।











