पटना में ‘शक्ति सुरक्षा दल’ बना महिलाओं का भरोसेमंद सहारा, छेड़खानी पर तुरंत एक्शन
पटना: महिलाओं, युवतियों और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पटना पुलिस का “शक्ति सुरक्षा दल” लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) सुश्री दीक्षा के नेतृत्व में यह विशेष टीम शहर के स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं से सीधा संवाद कर रही है।
यह दल न केवल समस्याएं सुन रहा है, बल्कि मौके पर ही त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर समाधान भी सुनिश्चित कर रहा है। जरूरत पड़ने पर संबंधित थाने के माध्यम से विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा रही है।
हाल ही में कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान के पास कुछ छात्राओं ने “शक्ति सुरक्षा दल-01” से शिकायत की कि कुछ युवक उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की, उन्हें सख्त चेतावनी दी और दोबारा ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी। बाद में छात्राओं से दोबारा संपर्क करने पर शिकायत पूरी तरह खत्म पाई गई।
वहीं कदमकुआं थाना क्षेत्र में एक विद्यालय की छात्रा के साथ छेड़खानी की सूचना पर भी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ईंट-पत्थर लेकर छात्रा को डरा रहा था। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित की।
महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी:
टीम-01: 9296598170
टीम-02: 9296580210
नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) सुश्री दीक्षा ने अपील की है कि कोई भी महिला या युवती बिना झिझक अपनी समस्या साझा करे। उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पटना पुलिस का यह प्रयास शहर में महिलाओं की सुरक्षा को नई मजबूती दे रहा है और विश्वास का माहौल बना रहा है।











