गोपालगंज में दर्दनाक हादसा: पोखरे में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में मातम
गोपालगंज जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पोखरे में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के देवापुर जाफर टोला गांव के समीप की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे गांव के पास स्थित पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वे डूब गए। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान दोनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने घर लेकर चले गए, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया।
सूचना मिलने पर मांझागढ़ थानाध्यक्ष निरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। इसके बाद वे मॉडल सदर अस्पताल भी पहुंचे, जहां आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी ली गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।











