मॉडल सदर अस्पताल का सफाईकर्मी था मृतक, हजियापुर खाड़ स्थित नाले से बरामद हुआ शव; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। शहर के मॉडल सदर अस्पताल से पिछले तीन दिनों से लापता सफाईकर्मी का शव सोमवार को शहर के हजियापुर खाड़ स्थित नाले से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।सूचना पर नगर थाना पुलिस एवं डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान मॉडल सदर अस्पताल में कार्यरत सफाईकर्मी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शहर में शोक और दहशत का माहौल है।












