भोरे अंचल में सर्वे कार्य तेज, 172 मौजों में से 80 मौजा का त्रिसीमाना & सीमा सत्यापन का कार्य पूर्ण
भोरे/गोपालगंज
गोपालगंज जिले के भोरे अंचल में भूमि सर्वे का कार्य इन दिनों तेज गति से जारी है। फिलहाल ग्राम त्रिसीमाना एवं ग्राम सीमा सत्यापन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार भोरे प्रखंड में कुल 172 मौजा हैं, जिनमें से लगभग 80 मौजों का त्रिसीमाना कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे ग्राम सीमा सत्यापन का कार्य पूरा हो रहा है, उसके बाद किस्तवार सर्वे का कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है। डूमर नरेंद्र पंचायत के अंतर्गत सिधवा एवं झील गांव का किस्तवार सर्वे कर एजेंसी को भेज दिया गया है। अब एजेंसी से नक्शा प्राप्त होते ही खानापूरी (विवरण भरने) का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान ग्राम सीमा सत्यापन कार्य का औचक निरीक्षण वि.स. सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी देव प्रताप मणि त्रिपाठी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्वे कार्य में लगे कर्मियों में पवन कुमार, मो. अरफात, अतुल कुमार यादव, सचिन कुमार, सुधीर कनौजिया, रविशेष कुमार, अनिकेत कुमार सिन्हा, ब्रिजेश भारती, असजद कमाल एवं सुनील चौहान शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि सर्वे कार्य को पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आम लोगों को भविष्य में भूमि संबंधी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।












