गोपालगंज में सुपर पेट्रोलिंग अभियान तेज, रातभर थानों का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गोपालगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सुपर पेट्रोलिंग अभियान के तहत मंगलवार की रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देशानुसार पर्यवेक्षी पदाधिकारी (बरौली) ने बैकुंठपुर, महम्मदपुर एवं सिधवलिया थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रात्रि गश्ती की स्थिति का जायजा लिया गया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान गश्ती वाहनों की भी जांच की गई और अधिकारियों को सतर्कता के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा और आम नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपर पेट्रोलिंग अभियान नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।












