संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और सतत गश्ती के निर्देश; शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज समाहरणालय के सभा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में चेहल्लुम पर्व 2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) रोहित कुमार, मुख्यालय डीएसपी, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह, सामान्य शाखा प्रभारी अजय कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा जिले के सभी थाना अध्यक्ष मौजूद रहे।
जिला पदाधिकारी ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय से पहुंचकर पूरी सतर्कता के साथ दायित्व निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ गतिविधि या असामाजिक तत्वों की हरकत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि पर्व के दौरान सतत गश्ती, प्रभावी निगरानी, निर्बाध यातायात व्यवस्था तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दें तथा सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक गतिविधि की नियमित जानकारी नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराते रहें।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने विश्वास जताया कि प्रशासन, पुलिस और आमजन के सहयोग से गोपालगंज में चेहल्लुम पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न होगा।












