शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए नौतन पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी में चप्पल-जूते की दुकान के आड़ में शराब बेच रहे दुकानदार को 9.5 लीटर देशी-विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र अंतर्गत बंका मोड़ स्थित चप्पल-जूते की दुकान पर छापा मारा। दुकान के आड़ में छिपाकर रखी गई शराब की बोतलें बरामद की गईं। दुकानदार सिरिसिया गांव निवासी निहाल कुमार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत टीम गठित कर छापेमारी की गई। दुकान के अंदर छिपाकर अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। 9.5 लीटर देशी व विदेशी शराब बरामद की गई है। आरोपी निहाल कुमार के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच पड़ताल जारी है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शराब की तस्करी और अवैध बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नौतन थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगने की उम्मीद जगी है।यह सफल छापेमारी समाज में नशे की बुराई के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है और आमजन को सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।











