657 लीटर देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने XUV भी की जब्त
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थावे थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 657 लीटर देसी शराब बरामद की है। इस दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक XUV वाहन को भी जब्त कर लिया गया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थावे थाना क्षेत्र स्थित बिहार सिनेमा हॉल के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध XUV की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में 657 लीटर देसी शराब बरामद हुई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हसमुल्लाह खान, पिता–स्व. मुमताज खान, निवासी मीर अलीपुर, थाना–थावे, जिला–गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, शराब तस्करी में प्रयुक्त XUV वाहन को भी विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












