प्रखंड प्रमुख बनीं सीताराम महायज्ञ की यजमान, सवा करोड़ आहुतियों का है लक्ष्य
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

स्थानीय प्रखंड प्रमुख मीरा देवी एवं उनके पति राजेश पांडेय गोपालगंज जिले के जमुनहा बाजार के निकट भिरनीचक (भृंगीचक) स्थित प्रसिद्ध राम-जानकी मंदिर में आयोजित महायज्ञ में पहुंचे और यजमान बनकर सराहनीय योगदान दिया । यहां मुख्य पुजारी एवं मठाधीश बाबा विश्वभर दास महाराज के द्वारा सवा अरब सीताराम महामंत्र के जाप को पूरा करने के उपलक्ष्य में 19 फरवरी 2026 से श्री सीताराम महायज्ञ का शुभारंभ हुआ । इस महायज्ञ में सवा करोड़ आहुतियों का विशाल लक्ष्य रखा गया है, जिसकी संभावित समाप्ति 10 मार्च के आसपास होने की उम्मीद है। इस पावन यज्ञ में सिवान जिले के नौतन प्रखंड प्रमुख मीरा देवी एवं उनके पति राजेश पांडेय ने सपरिवार न केवल भाग लिया, बल्कि यजमान की भूमिका भी निभाई। राजेश पांडेय ने बताया कि 27 फरवरी से नियमित हवन कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो सवा करोड़ आहुतियां पूर्ण होने तक अनवरत चलेगा। प्रतिदिन एक सौ विद्वान ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन कर रहे हैं। प्रत्येक दिन लगभग तीन क्विंटल तिल, एक क्विंटल घी एवं अन्य दिव्य सामग्रियों का उपयोग हो रहा है। जैसे ही आहुति की संख्या लक्ष्य तक पहुंचेगी, यह महायज्ञ संपन्न हो जाएगा। यह यज्ञ न केवल भक्ति का प्रतीक है, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवंतता को भी दर्शाता है। बाबा विश्वभर दास महाराज के इस महान संकल्प से क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। मीरा देवी एवं राजेश पांडेय जैसे जनप्रतिनिधियों का इस यज्ञ में यजमान बनना सामाजिक-धार्मिक सद्भाव का सुंदर उदाहरण है। यह महायज्ञ लोक कल्याण, शांति एवं राम भक्ति के प्रसार का माध्यम बन रहा है। भक्तों की श्रद्धा से पूरा होने वाला यह यज्ञ निश्चित रूप से क्षेत्रवासियों के लिए आशीर्वाद सिद्ध होगा।











