720 लीटर देसी शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त, कुचायकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुचायकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के कोनमा मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 720 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप के साथ इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। मामले में वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कुचायकोट पुलिस की इस कार्रवाई को शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












