मीरगंज–हथुआ मार्ग पर सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत
मजार से जियारत कर लौट रही थीं गुलशन बेगम, केनरा बैंक के पास हुआ हादसा
गोपालगंज:
मीरगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज–हथुआ मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा मीरगंज–हथुआ रोड स्थित केनरा बैंक के समीप सोमवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि सिवान जिले के गुठनी निवासी 32 वर्षीय गुलशन बेगम बाइक से मीरगंज आई थीं। वह मठिया माधवलाल स्थित मजार पर चादर चढ़ाने के लिए पहुंची थीं और जियारत के बाद वापस लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मीरगंज से हथुआ की ओर जा रहे एक ट्रेलर के पास से गुजरते समय बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने के कारण महिला बाइक से गिर गईं और दुर्भाग्यवश ट्रेलर के पिछले चक्के के नीचे आ गईं। ट्रेलर के चक्के में फंसने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मीरगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस ने ट्रेलर और चालक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मीरगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











