डीएवी पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल के विरुद्ध आंदोलन शुरू, काली पट्टी बांध व तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन
सिवान फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
प्राचार्य के मनमानी और तानाशाही रवैया के खिलाफ आज डीएवी पीजी कॉलेज के शिक्षकों ने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन का आगाज किया। आज सभी शिक्षकों ने अपने हाथ में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराते हुए विद्यार्थियों की कक्षाओं का संचालन-कार्य 10.30 बजे से शुरू किया। प्राचार्य द्वारा शिक्षकों से अगर संवाद कर शिक्षक हित में कदम नहीं उठाया जाता है तो 14 मार्च को कॉलेज कैंपस में एक दिवसीय धरना का कार्यक्रम होगा। वहीं सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद आफाक आलम ने जीपीयू कुलपति को डीएवी कालेज के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और प्राचार्य के मनमानी पर तुरंत रोक लगाने के पत्र लिखा है।
बता दें कि डीएवी पीजी कॉलेज के शिक्षक प्राचार्य डॉ रामानंद राम के मनमाने तरीके से कार्य करने और शिक्षकों के साथ अमर्यादित आचरण करने के खिलाफ कॉलेज के शिक्षकों ने विगत दिनों कुलपति और कुलाधिपति सह राज्यपाल को आवेदन देकर तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उनका आरोप है कि कॉलेज के शिक्षक डॉ रामानुज कौशिक, डॉ निर्भय कुमार राम, डॉ केपी गोस्वामी, डॉ विशा शर्मा, डॉ प्रकृति राय एवं कर्मचारी विनोद राम, जगन्नाथ प्रसाद और मनोज कुमार के ड्यूटी पर रहते हुए वेतन की कटौती की गई है। वहीं महिला शिक्षकों को दो दिनों के विशेष अवकाश को प्रतिबंधित कर दिया गया है। आईसीएसआर द्वारा प्रदत डॉ प्रभाकर निषाद के प्रोजेक्ट के कार्य को रोक दिया गया है। डॉ टी ए नूर के सेवानिवृत्ति के डेढ़ माह बाद भी सेवानिवृत्ति लाभ से संबंधित कागजात को प्राचार्य द्वारा विश्वविद्यालय को अग्रसारित नहीं किया गया है। डॉ मुरलीधर मणि त्रिपाठी, डॉ दीपिका श्रीवास्तव तथा डॉ प्रभाकर निषाद के साथ प्राचार्य के द्वारा अमर्यादित व्यवहार किया गया है। इन सबके विरोध करने पर एससीएसटी केस में फंसाने की लगातार धमकी दी जा रही है। शिक्षकों का कहना है कि अब तक प्राचार्य पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिसको लेकर शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। पहले दिन शिक्षकों ने ‘प्राचार्य की तानाशाही नहीं चलेगी’, ‘भ्रष्टाचारी प्रिंसिपल मुर्दाबाद’, ‘शिक्षकों को प्रताड़ित करना बंद करो’ आदि स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ धनंजय यादव, उपाध्यक्ष डॉ सत्येंद्र कुमार सिंह, सचिव डॉ पवन कुमार,डॉ सुरुचि उपाध्याय, डॉ संजय कुमार, आशुतोष उपाध्याय, डॉ नावेद अंजुम, पंकज कुमार, प्रो. चंद्रभूषण सिंह, प्रो. कृष्णकांत प्रसाद, प्रो. अली इमाम, डॉ. एस.ए. खान, डॉ. टी.ए. नूर, डॉ. सुधीर कुमार राय, डॉ. अरविन्द कुमार, डॉ. सैयद रियाज़ हसन, डॉ अपर्णा पाठक, डॉ. मंजूर आलम, डॉ नसीम अंसारी, श्री प्रवीण कुमार, रुचिका जर्याल, डॉ रामानुज कौशिक, डॉ प्रभाकर निषाद, डॉ. आशुतोष शरण, पंकज कुमार, डॉ. मुरलीधर मणि त्रिपाठी, डॉ. प्रकृति राय, डॉ रवि कुमार, डॉ. दीपिका श्रीवास्तव, डॉ. बंदना कुमारी सोनी, डॉ. निर्भय कुमार राम सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे ।











