शराब के नशे में धुत्त तीन शराबियों को पुलिस ने पकड़ा
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
यूपी-बिहार सीमा पर स्थित शाहपुर नहर पुल के निकट स्थानीय पुलिस ने सख्त वाहन जांच अभियान के दौरान शराब तस्कर सहित दो नशेड़ियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि सीमा क्षेत्र से शराब की तस्करी हो रही है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक तस्कर के कब्जे से 16 लीटर शराब बरामद की। इसके साथ ही यूपी की ओर से आते हुए दो व्यक्ति शराब के नशे में धुत्त दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में लिया और मेडिकल जांच के लिए भेजा। जांच रिपोर्ट में दोनों के शरीर में अल्कोहल की पर्याप्त मात्रा पाई गई। थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्कर की पहचान हसुआ गांव निवासी शारदानंद साह के रूप में हुई है। वहीं नशे में पकड़े गए दोनों शराबियों में पूरब खलवां गांव का मुकेश यादव और सेमरिया गांव का दरोगा गोंड शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शराब तस्करी और नशे की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और सीमा क्षेत्र में सख्त निगरानी की मांग की है।











