विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त को दबोचा, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज: जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुचायकोट थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। झपटमारी कांड के मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कुचायकोट थाना कांड संख्या 119/26 दिनांक 20 जुलाई 2026 में दर्ज झपटमारी मामले के अभियुक्त नेहल सिंह, पिता केदार सिंह, निवासी जगतौली, थाना-कुचायकोट, जिला-गोपालगंज को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार उक्त मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(3) एवं 304(2) के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












