पीएमएफएमई ऋण घोटाला: 17.46 लाख की धोखाधड़ी में आरोपित गिरफ्तार
गोपालगंज:
थावे थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक अहम मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित को थावे गोलम्बर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के मनबोध परसौनी गांव निवासी चंदन सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद बुधवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।
आरोपित ने 10 जून 2023 को Central Bank of India की थावे शाखा से पीएमएफएमई (PMFME) योजना के तहत ऋण लिया था। लेकिन ऋण लेने के बाद बैंक में किस्त जमा नहीं की गई।
इस पर शाखा प्रबंधक ने 16 अक्टूबर 2025 को करीब 17 लाख 46 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी।
लगातार प्रयास के बाद थावे गोलम्बर चौक के पास से आरोपित को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान एएसआई नीरज कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य बिंदुओं की भी पड़ताल की जाएगी।












