मांझागढ़ में बिजली संकट से जनता बेहाल, हल्की बारिश और हवा में घंटों गुल रहती है बिजली
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले के मांझागढ़ प्रखंड में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हल्की बारिश या थोड़ी तेज हवा चलते ही बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है और कई-कई घंटों तक बिजली बहाल नहीं होती। लगातार हो रही बिजली कटौती से आम लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति का सबसे अधिक असर छात्रों की पढ़ाई, छोटे व्यापारियों के कामकाज और आम जनजीवन पर पड़ रहा है। रात में लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं, जबकि दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया है कि जब भी मांझागढ़ के जूनियर इंजीनियर (JE) से समस्या को लेकर संपर्क करने की कोशिश की जाती है, तो कई बार उनका मोबाइल बंद मिलता है, कई बार कॉल रिसीव नहीं होता और कभी-कभी कॉल उठने पर बहाना बनाकर बातचीत समाप्त कर दी जाती है। इससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
क्षेत्रवासियों का सवाल है कि आखिर हल्की बारिश या मामूली हवा चलने पर भी बिजली काटने की नौबत क्यों आ जाती है? क्या जर्जर तार, पुराने ट्रांसफॉर्मर और बिजली उपकरण इसके लिए जिम्मेदार हैं, या फिर व्यवस्था के रखरखाव में कहीं गंभीर कमी है?मांझागढ़ की जनता ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएं, ताकि मामूली मौसम परिवर्तन के दौरान भी लोगों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर न होना पड़े।












