विजयीपुर में चोरों का तांडव: एक ही रात तीन घरों में लाखों की चोरी, गांव में दहशत
विजयीपुर/गोपालगंज:
गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरेया गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि चोरों ने गांव निवासी सत्य प्रकाश पांडे, योगिन्द्र यादव और मुख्तार मियां के घरों में देर रात घुसकर नगदी, सोने-चांदी के गहने समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्से टूटे मिले।
पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में भय और नाराजगी देखी जा रही है।
सूचना मिलने पर विजयीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।












